श्रीश्रीगुरुगौराङ्गौ जयतः
श्रीगौड़ीय मठ, कलकत्ता;
२९ केशव, गौराब्द ४४०।
[ श्रीधाम-वृन्दावन में श्रीमद् मधुसूदन गोस्वामी की प्रार्थना पर श्रीश्रील प्रभुपाद द्वारा श्रीमध्वमुनि एवं श्रीउडुपी-कृष्ण के चित्रप्रेषण — उडुपी के अष्टमठाधिपतियों का गोपीभाव से भजन आधुनिक कल्पित सखीभेकीभजनानुकरण नहीं — कृष्णपुर-मठाधिपति के साथ श्रील प्रभुपाद का शास्त्रीय वार्तालाप — तत्त्ववादियों की कर्माग्रहता — श्रीरंगनाथ-दर्शन — अवैष्णव-भोगी का स्वभाव — भक्तगण संभोगवाद के प्रतिपक्ष — श्रीचैतन्यमठ क्या है? — गौड़ीय वैष्णवों का अपरिहार्य कृत्य क्या है? ]
पण्डितवर
श्रीयुक्त मधुसूदन गोस्वामी महाराज
राधारमण-घेरा, श्रीधाम वृन्दावन
श्रीगौड़ीयवैष्णवाचार्योचितसंभाषणमेतत्—
महाराज, कल मैं और कतिपय भक्त भारत-भ्रमण के उपरान्त श्रीगौड़ीय मठ में वापस आ गए हैं। भ्रमण की थकान दूर होने में कुछ समय लगेगा।
आपके साथ भेंट के पश्चात् हम लोग श्रीजयपुर में श्रीगोविन्द-दर्शन कर अजमेर, चित्तौड़, मौली होकर नाथद्वारा में श्रीमाधवेन्द्र पुरीपाद के श्रीविग्रह-दर्शन तथा वहाँ के वल्लभ-सम्प्रदाय के आचार्यों के साथ शास्त्रीय वार्तालाप करके खांडवा, नासिक होते हुए बम्बई नगर में वल्लभकुलाचार्य के साथ बहु शास्त्रीय वार्तालाप के पश्चात् श्रीनित्यानन्दाभिन्न श्रीगौराङ्गाग्रज श्रीविश्वरूप शंकरारण्य यतिराज के समाधिक्षेत्र पाण्डुरंगपुरम् एवं भीमा नदी के दर्शनोपरान्त मंगोली, पण्डा, तद्रा, गोकर्ण, नवगया होकर श्रीमध्वक्षेत्र उडुपी-दर्शन किया।
आपकी इच्छानुसार श्रीमद्ध्वमुनि का एक चित्र एवं श्रीउडुपी कृष्ण का एक चित्र इस पत्र के साथ भेज रहा हूँ।
अष्टमठाधिपति एकदण्डी यतिगण में से अनेक ही गोपीवेश में भजन किया करते हैं; उनका भी एक चित्र संग्रह किया है। उस विषय में जो-जो उल्लेख विभिन्न स्थानों पर हैं*, उनकी प्रतिलिपि (नकल) इस पत्र के साथ भेज दी है, कृपया पाठ कीजिएगा।
आधुनिक जो सखीभेकी-प्रथा प्रचलित हुई है, उस प्रकार का कल्पित पथ अष्टमठाधिपतियों ने ग्रहण नहीं किया है। उनमें से प्रत्येक के हाथ में एकदण्ड वर्तमान रहता है एवं वे कौपीन-बहिर्वासयुक्त होते हैं।
* It was indeed a happy idea of Sri Madhwa’s, to ordain 8 ascetics, put them each in charge of a separate Math and make them jointly and severally responsible for the poojas and festivals of Sri Krishna’s temple. * * * The monks who take charge of Sri Krishna by rotation, are so many Gopees of Brindaban, who moved with and loved Sri Krishna with an indescribable intensity of feeling and are taking re-births now for the privilege of worshipping Him. These monks conduct themselves as if they are living and moving with Sri Krishna Himself. * * Sri Krishna presiding here being a boy, they feed him in the forenoon with choice offerings. (Life and Teachings of Sri Madhwacharya by C. M. Padmanavachar, chapter XIII pp. 143 and 145).
कृष्णपुर मठाधिपति वर्तमान समय में मन्थनदण्डयुक्त श्रीकृष्णमूर्ति के सेवक रूप में विद्यमान हैं। उनके साथ संस्कृत भाषा में मेरी कुछ बातचीत हुई। वे सन्न्यासी होने पर भी कर्मकाण्ड विधि के वशीभूत होकर ही उपासना करते हैं, प्रतिदिन सहस्र ब्राह्मणों को भोजन कराते हैं तथा अपने हाथों से डेढ़ सौ गौओं की सेवा करते हैं। उडुपी नगर का एक चित्र भी लाया हूँ।
पुनः श्रीरंगनाथ-दर्शन के लिए गया था; वहाँ आलवारों तथा आचार्यों की अठारह श्रीमूर्तियों को पालकी (शिविका) पर शोभायात्रा के रूप में श्रीरंगनाथदेव के साथ श्रीमन्दिर से श्रीमण्डप जाते हुए देखा। कुछ त्रिदण्डी यतियों के साथ भी भेंट हुई।
विषय का धर्म सेवा-प्रवृत्ति को समझने नहीं देता, वह सेवा को ‘विषय’ बना देता है; यही अवैष्णव-भोगी का स्वभाव है। भक्तगण संभोगवाद के विरोधी हैं।
जिससे कि श्रीधाम वृन्दावन में श्रीकृष्णचैतन्यमठ के भक्तगण निर्विघ्न रूप से भजनादि कर सकें, आप उस पक्ष में थोड़ी कृपादृष्टि रखिएगा।
श्रीचैतन्यमठ श्रीचैतन्याश्रित शुद्धभक्तमण्डली का एकमात्र केन्द्र है। यह श्रीचैतन्य-चरणाश्रित किसी शाखा-विशेष का स्थान नहीं है। जहाँ-जहाँ श्रीचैतन्याश्रितों में भक्तिविरोधी आचरण और कुसिद्धान्त प्रचारित हो रहे हैं, उनका परिमार्जन करना प्रत्येक स्वरूपाश्रित गौड़ीय वैष्णव का एकमात्र कर्तव्य है; इसीलिए श्रीचैतन्यमठाश्रित शुद्धभक्तगण वास्तविक गौर-सेवा के उद्देश्य से श्रीचैतन्यमठ के शरणागत हैं। श्रीचैतन्याश्रित भक्तगण सम्प्रति संख्या में तीन करोड़ भारतवासी हैं; किन्तु उनमें से अनेक वास्तव में श्रीचैतन्य के शुद्धभक्त नहीं हैं, विद्धभक्त होने पर भी वे सभी गौरदास ही हैं।
श्रीयुक्त मधुसूदन अधिकारी महोदय ने मेरे पास अपने द्वारा रचित ‘गौड़ीय वैष्णव-इतिहास’ नामक एक सामाजिक पारम्परिक ग्रन्थ भेजा है। समयानुसार उसे देखने की इच्छा है।
हमारे श्रीधाम वृन्दावन अभियान के समय आपने जो कृपादृष्टि की वर्षा करके हमारे गुरुवर्ग का सादर सम्भाषण किया था, उसके लिए मैं विशेष रूप से कृतज्ञ हूँ।
पतितपावनदासस्य अकिञ्चनस्य,
श्रीसिद्धान्तसरस्वत्यभिधस्य