श्रीश्रीगुरुगौरांगों जयतः

श्रीधाम मायापुर
४ठा अप्रैल १९३१

[ प्राग्वर्ण के स्थूलदेहनिष्ठ आत्मीय की मृत्यु पर वैष्णवदीक्षा में दीक्षित व्यक्ति द्वारा अशौचादि ग्रहण अथवा अक्षौर-विधान अवैध आचरण है — ऐसा कार्य यदि स्वेच्छाकृत हो तो प्रायश्चित्तार्ह है — वैष्णव-शासन-विधि मर्यादा-मार्ग में अवश्य पालनीय है — विमुख आत्मीय-स्वजन को बलपूर्वक उन सब विधि-पालनों की प्ररोचना सुफलदायी नहीं है यह जानकर उनके संग से काय-मनो-वाक्य से स्वतंत्र रहना ही कर्तव्य है। ]

स्नेहविग्रहेषु,—
श्रीयुक्त * * * नामधारी आपके द्वारा लिखित पत्र से ज्ञात हुआ कि, किसी दीक्षित वैष्णव ने अपने प्राग्वर्ण के अग्रज की मृत्यु के उपलक्ष्य में अशौचादि ग्रहण का विचार करके अक्षौर-विधान अवलम्बन किया है। तद्द्वारा वैदिक वैष्णव-समाज-विधि अतिक्रान्त होने के कारण आप न्यूनाधिक क्षुब्ध हुए हैं।

यदि यह कार्य अनभिज्ञता के कारण हुआ हो, तब तो उन्हें इस विषय में वैष्णव-स्मृति का तात्पर्य समझा देना आवश्यक है। यदि उन्होंने स्वेच्छापूर्वक अशौच-विधि स्मार्त शासन के आनुगत्य में स्वीकार की हो और वैष्णव-स्मृति के विधान को सुष्ठु रूप से ग्रहण करने का विचार उनका न रहा हो, तब वैष्णव-स्मृति-उल्लंघनजनित असदाचार उसमें उपस्थित हुआ है और उस कारण ज्ञानपूर्वक किए गए पाप का प्रायश्चित्त होना आवश्यक है।

वास्तव में वैष्णव-शासन-विधि का मर्यादामार्ग में कोई भी उल्लंघन नहीं कर सकता। जहाँ वैदिक और लौकिक क्रिया की आवश्यकता होती है, उस स्थल पर भक्ति के आदरकर्ता जनगण हरिसेवा के अनुकूल भक्तिविरोधी स्मार्त समाज का शासन त्याग करने के लिए बाध्य हैं, अन्यथा स्मार्त के आनुगत्य से पारमार्थिक चेष्टा में उदासीनता लक्षित होगी।

दीक्षित वैष्णवगण यथाशास्त्र वैष्णवस्मृति-विधि का पालन करेंगे; अकरण (पालन न करने) में प्रत्यवाय (दोष) है। किन्तु जो पूर्व आत्मीय-स्वजन नाम से परिचित हैं, वे यदि वैष्णवस्मृति-विधि पालन करने हेतु बाध्य न हों, तो फिर अदीक्षित पूर्व-वर्णोचित स्मार्तविधिपालक व्यक्तियों को उनके अधिकार-विचार से विमुख होकर उनके प्रति वैष्णवविधि बलपूर्वक स्थापित करने जाने पर कभी सुफल लाभ नहीं होगा; अतः उन्हें प्रेतश्राद्धादि और आदान-प्रदानादि कार्यों में उनकी पूर्वाचरित विधि का पालन करने देकर, दीक्षित व्यक्ति उनके संग से स्वतंत्र रहकर उन कार्यों का अनुमोदन नहीं करेंगे, अथवा उन कार्यों में बाधा देने के लिए भी उद्यत नहीं होंगे। तटस्थता (निरपेक्षता) ही अवलम्बनीय है; किन्तु ऐसा कहकर पूर्व वर्ण के आत्मीय-स्वजन के प्रति अनुराग दर्शाने जाकर वैष्णवस्मृति के अनुगमन के पक्ष में बाधा नहीं देंगे।

नित्याशीर्वादक
श्रीसिद्धान्तसरस्वती