श्रीश्रीगुरुगौरांगों जयतः

श्रीचैतन्यमठ, श्रीमायापुर
इंग्रेजी २२।१२।२७

[ श्रीनवद्वीपधाम-वास — हरिकथा-कीर्तनमुखरित श्रीगौड़ीयमठ — हरिकथाविरहित स्थान जागतिक एवं दैहिक सर्वसुविधा-सत्त्वे भी परित्याज्य — भगवद्भक्तसङ्ग में हरिकथा श्रवण-कीर्तन ही जीवन में एकमात्र सर्वोच्च काम्य — “गौड़ीय” एवं महाजनग्रन्थ पाठ द्वारा साधुसङ्ग से दूर अवस्थित व्यक्ति का भक्तमुख से साक्षात् हरिकथा-श्रवण का फल लाभ — श्रौतग्रन्थ एवं शब्द द्वारा भूतकाल की भगवल्लीला की कथा श्रवण-सुयोग एवं आनुषङ्गिक रूप से जागतिक क्लेशानुभूति से विराम — श्रीभगवान् एवं भक्त का अतिमर्त्य चरित्र साधारण लोगों के अगम्य — वैष्णव का व्यवहारदुःख — प्रत्येक वस्तु के अन्तराल में भगवत्प्रीति-उपलब्धि — श्रेष्ठकाम्य क्या? — पृथ्वी या संसार परीक्षा का स्थल — परीक्षा उत्तीर्ण होने का एकमात्र अमोघ उपाय — भगवद्भक्त का सर्वत्र भगवद्दर्शन एवं अभक्त की सर्वत्र नास्तिकत्वानुभूति — तटस्थावस्था में जीव की चित्तवृत्ति — विषय का स्वभाव। ]

आपका एक पत्र * * के निकट से कल प्राप्त हुआ है। इससे पूर्व बहुत दिन हुए, एक और पत्र मिला था, पश्चिम-प्रदेश जाने से पूर्व ही। विभिन्न स्थानों पर भ्रमण के कारण उस पत्र का उत्तर यथासमय नहीं दे सका। पश्चिम-प्रदेश के विभिन्न स्थानों में उत्सव की बात ‘गौड़ीय’ में तथा भक्तगणों के मुख से आपने सुनी ही होगी। सर्वत्र ही श्रीमन्महाप्रभु की बात भले लोग मात्र ही सुनकर आनन्दित हुए हैं। * *

श्रीनवद्वीपधाम भगवद्भक्तगणों के परम आदर का क्षेत्र है। इस धाम में सर्वत्र ही भगवत्स्मृति का उदय होता है। इसलिए विशेष इच्छा होती है कि, यहाँ और भी कुछ दिन वास करूँ। अन्यत्र हरिसेवा के लिए मेरी आवश्यकता होने पर कलकत्ता प्रभृति स्थानों में जाना पड़ता है। श्रीमन्महाप्रभु परम दयामय हैं, इसीलिए कलकत्ता जैसे स्थान में भी उन्होंने बहुत से भक्तगणों की व्यवस्था कर दी है। श्रीगौड़ीयमठ में सर्वदा ही हरिकथा और सभी हरिसेवा-प्रमत्त हैं। उनका संग मेरे शेष जीवन में श्रीपरीक्षित् राजा के भागवत-श्रवण के समान सर्वतोभावेन वरणीय है। जहाँ हरिकथा नहीं है, वह स्थान चाहे कितना भी आत्मीयस्वजन-वेष्टित क्यों न हो, चाहे कितना भी रहने की दृष्टि से सुविधाजनक क्यों न हो, मेरे अन्तिम काल में वे सभी स्थान या वैसा जनसङ्ग नितान्त अनावश्यक प्रतीत होता है। भगवान् की कृपा से सर्वत्र मठादि में भगवत्-सेवा-प्रवृत्ति देखकर महाप्रभु की करुणा की बात सोचता हूँ। कहाँ विषय-रस की उपादेयता में जीवन बिता रहा था; उस सङ्ग के बदले आज मुझे विभिन्न गन्तव्य स्थानों पर श्रीभगवत्-सेवा एवं भक्तगणों का सङ्ग लाभ हो रहा है। इस प्रकार से जीवन के शेष कुछ दिन बिता देने पर हम हरि-विमुख होकर क्लेशमय जीवन-यापन नहीं करेंगे।

आप * * * भगवत्-सेवा में उन्मुख हरिभजनपरायण जनगण के निकट से अधिक हरिकथा सुनने को नहीं पा रहे हैं, इसलिए भाग्य की प्रशंसा नहीं करते हैं सही, किन्तु आपकी सर्वक्षण हरिसेवा-प्रवृत्ति आपको दूसरों के सङ्ग से पृथक् रख रही है। सर्वदा ‘गौड़ीय’ एवं भक्तगणों के ग्रन्थादि स्वयं ही पाठ कीजिएगा, वैसा होने पर ही भक्तों के मुख से हरिकथा श्रवण का फल लाभ होगा।

यद्यपि इस पृथ्वी पर अप्राकृत राज्य के बहुत से भक्तों का साक्षात्कार हम लाभ नहीं करते हैं, तथापि श्रीमन्महाप्रभु के समय के भक्तगणों के कथोपकथन एवं लीलाकथा ग्रन्थरूप में और शब्दरूप में नित्यकाल वर्तमान हैं, इस कारण हमें जागतिक क्लेश में वैसा कष्ट अनुभव नहीं होता। हम यदि अप्राकृत राज्य की कथा में यहाँ वास करें, तो वैसी स्मृति हमें जागतिक कष्ट से दूर रखती है।

जहाँ भी रहें, भगवत्-कथा आपको छोड़कर नहीं जाएगी। सांसारिक सभी बातों के मध्य ही भगवान् की स्मृति एवं भगवद्भक्ति की बात समझ सकेंगे। भगवान् की इच्छा होने पर पुनः इस प्रदेश में लौटकर आने का सुयोग उपस्थित होगा। तब पुनः हरिकथा श्रवण करने का सुयोग प्राप्त करेंगे। भगवान् जिस अवस्था में भक्तगणों को रखकर सुखी होते हैं, उसी अवस्था में वास करके अपने दुःखादि भूलकर रहना ही उचित है।

भगवान् की बात, श्रीमन्महाप्रभु की बात, भक्तगणों का अलौकिक चरित्र, साधारण संसार के लोग समझ नहीं पाते हैं। हृदय में भगवान् की सेवा-प्रवृत्ति उन्मेषित होते ही सभी अवस्थाओं में हरिस्मरण बना रहता है।

आप पारत्रिक-मंगल के लिए सर्वदा चेष्टा-विशिष्ट हैं, अतः ग्रन्थरूप में भगवान् अपनी सभी बातें आपके हृदय में प्रकाशित कर रहे हैं। श्रीचैतन्यभागवत में लिखा है कि,—

“यत देख वैष्णवेर व्यवहार-दुःख।
निश्चय जानिह सेइ परानन्द-सुख॥”

(अर्थात: वैष्णव का जो बाह्य व्यावहारिक दुःख देखते हो, निश्चय ही जानो कि वह परम आनन्दमय सुख ही है।)
हमारी परीक्षा के लिए भगवान् सर्वदा ही जगत् के अन्तराल में अवस्थान कर रहे हैं। प्रत्येक वस्तु के उस पार उनके आविर्भाव पर लक्ष्य करते ही हमारी आपात-प्रतीति कम हो जाती है।

“अद्यापि सेइ लीला करे गौरराय।
कोन कोन भाग्यवान् देखिबारे पाय॥”

(अर्थात: आज भी गौरराय वही लीला कर रहे हैं, कोई-कोई भाग्यवान ही उसे देख पाता है।)

वैसा भाग्य हमारा कब उदय होगा, जिस दिन हम सर्वत्र श्रीगौरसुन्दर के अनुगमन में एवं उनके अनुसरण में नियुक्त होकर भक्तिपथ के यात्री होंगे।

भगवान् की परीक्षा का स्थल यह पृथ्वी अर्थात् संसार है। इस परीक्षा में उत्तीर्ण होना हो तो हरिजनगण का कीर्तन श्रवण करना पड़ता है; वह कीर्तन ग्रन्थ-मुख से आप सुन ही रहे हैं, अतः अपने को किसी अभाव के मध्य अवस्थित मानना उचित नहीं है।

हिरण्यकशिपु ने एक दिन स्थिर कर लिया था कि भूमण्डल पर भगवान् नहीं हैं और प्रह्लाद के साथ अनेक विरुद्ध युक्तियाँ व चेष्टाएँ दिखाई थीं; किन्तु श्रीनृसिंहदेव स्तम्भ के मध्य से प्रकट होकर हिरण्यकशिपु और समग्र जगत् का मंगल विधान किए थे। भगवद्भक्त सर्वत्र ही भगवद्दर्शन करते हैं, और भगवद्विद्वेषी सर्वत्र ही भगवान् के अस्तित्व तक की उपलब्धि नहीं कर पाते।

मध्यवर्ती स्थान में हम अवस्थित होकर हरिसेवा में रुचि दिखाते हैं, पर क्षण ही फिर विषयभोग में व्यस्त हो जाते हैं। हरिसेवा में प्रवृत्त होने की इच्छा से ही हमारा विषयभोग निवृत्त होता है। विषय में तात्कालिक सुख व दुःखभोग वर्तमान है; हरिसेवा में नित्यभक्ति भगवान् का आनन्द-विधान करती है। हम उस आनन्द के उद्देश्य से सर्वदा सेवापर रह सकते हैं।

इस विस्तृत पत्रपाठ से आपका तात्कालिक कुछ उपकार होगा या नहीं, नहीं जानता; मैं भाषाज्ञान में नितान्त अपटु हूँ, सबको सब बात समझाकर कहने का मुझमें सामर्थ्य नहीं है, इसी कारण अनेक समय निःस्तब्ध रहता हूँ।

उत्सव के पूर्व ही श्रीचैतन्यमठ के जो-जो आवश्यक कार्य हैं, अभी वे सभी कार्यादि हो रहे हैं। श्रीमन्महाप्रभु के बाड़ी (गृह) में गौर-कुञ्ज के दक्षिण पार्श्व में श्रीमान् * दिग के सिंहद्वार के साथ गृह प्रस्तुत हो रहा है।

नित्याशीर्वादक
श्रीसिद्धान्तसरस्वती