श्रीश्रीगुरुगौरांगों जयतः

लाइमखेरा, शिलांग, इंग्रेजी १७।१०।२८

[ असम में श्रील प्रभुपाद — कृष्ण-बलराम के लिए कुरुक्षेत्र में रथ-निर्माण — कुरुक्षेत्र की ग्रहणसेवा में गौड़ीयवैष्णवों का आग्रह क्यों? — ब्रह्मसर — कर्मीगण के ग्रहण-स्नानोपलक्ष्य में कुरुक्षेत्र गमन व अकपट विप्रलम्भ-सेवाऽनुरागी गौड़ीयगण के कुरुक्षेत्र-गमन का पार्थक्य — निर्भेद-ज्ञानियों का अपराधमय कृष्णसेवाविमुख ‘सोऽहं’-भाव व अप्राकृत-प्रेममयी गोपियों की अप्राकृत-कृष्णसेवामयी परमचमत्कारिणी विप्रलम्भोन्मादिनी चरमावस्था। ]
स्नेहविग्रहेषु,—

कल प्रोफ़ेसर बाबू सकुशल यहाँ पहुँचे। * * इस समय कुरुक्षेत्र में सूर्यग्रहण के उपलक्ष्य में हम सभी का वहाँ जाकर कार्य में मनोयोग देना कर्तव्य था। किन्तु निमानन्द-प्रभु के अत्यधिक आग्रह के कारण इस प्रदेश में आने के लिए बाध्य हुआ हूँ। कुरुक्षेत्र से लगातार पत्र एवं टेलीग्राम आ रहे हैं। * * अतः अब और विलम्ब न करके तुरन्त वहाँ आप लोगों का जाना आवश्यक है। बाद में असम प्रदेश में कार्य हो सकेगा। * * *

सूर्यग्रहण के मात्र २५ दिन शेष हैं। * * * कुरुक्षेत्र में ग्रहण की बात यू. पी. (U. P.), पंजाब (the Punjab) तथा सेन्ट्रल इण्डिया (Central India) प्रभृति स्थानों के लोग विशेष रूप से जानते हैं। कम-से-कम १५ लाख लोगों का वहाँ समागम होगा।

हमारा एक रथ तैयार हो रहा है। इसके अतिरिक्त ट्यूब-वेल (Tube-Well) व अस्थायी तम्बुओं (tents) की आवश्यकता है। वहाँ हमारा एक मेडिकल रिलीफ मिशन (Medical Relief Mission) भी भेजना होगा। बहुत दिनों के पश्चात् यह सूर्यग्रहण उपस्थित हुआ है। ग्रहणोपलक्ष्य में गौड़ीयवैष्णव की आवश्यकता संक्षेप में लिख रहा हूँ।

सूर्यग्रहण के समय ब्रह्मसर में स्नान बहुत दिनों से प्रचलित है। कृष्ण द्वारका से राम (बलराम) के साथ वहाँ रथ पर गए थे। ग्रहणोपलक्ष्य में स्नान के उद्देश्य से ब्रजवासीगण भी वहाँ उपस्थित हुए थे। अतः श्रीराधागोविन्द के मिलन-प्रयासी गौड़ीय भक्तगण इस विषय में विशेष यत्न करके अपनी उपासना की सुष्ठुता (सफलता) सम्पादन करने का यत्न करेंगे। कुरुक्षेत्र के आदर्श पर ही अपने दूसरे संस्करण में श्रीगौरसुन्दर ने जगन्नाथ के आगे गीत गाकर गोपियों के विप्रलम्भभाव को व्यक्त किया है। कर्मीगण के पापक्षालन के लिए और पुण्य मुहूर्त में भगवन्नामोच्चारण के सुयोग हेतु ही सूर्यग्रहण में वहाँ स्नानादि की व्यवस्था है।

ज्ञानियों के आलम्बन-विभाव के विषय-विचार को लेकर उसमें लीन होने का अभिप्राय रहता है। किन्तु गोपियों की तन्मयता विषयजातीय कृष्णाभिमान के समान उदित होने पर भी वे कृष्णतन्मयता लाभ करके भी पृथक् रहती हैं। इस विशिष्ट-लीला द्वारा निर्भेद-ब्रह्मानुसन्धान-रहित करने का विचार पाकर वे अपने-अपने बावलिया भाव को छोड़ सकते हैं। अतः तीनों श्रेणी के लोगों की ही वहाँ ग्रहणोपलक्ष्य में उपस्थिति आवश्यक है। तीर्थ महाराज को भी यह पत्र ज्ञात कराकर दोनों परम उत्साह के साथ श्रीराधागोविन्द की मिलन-सेवा में तत्पर होंगे। हम यहाँ और ५।६ दिन हैं। बाद में गोआलपाड़ा व धुबड़ी होकर शीघ्र ही कलकत्ता पहुँचेंगे।

                                    इति—

नित्याशीर्वादक
श्रीसिद्धान्तसरस्वती