श्रीश्रीगुरुगौरंगों जयतः
लिस्मोर कॉटेज
लाइमखेडा, शिलांग
इंग्रेजी १७।१०।२८
[ कुरुक्षेत्र के सूर्योपराग में भक्ति के पथिकगण का कृत्य — माथुर-विरहकातर ब्रजवासीगण की सेवा ही परम धर्म — कृष्णसेवा के उद्दीपनभाव से विषयभोग — लीला-कथा की अर्चा द्वारा आचार्य द्वारा विषयीगण की सेवावृत्ति का उन्मेष-साधन — विषय-वासना का खर्वता-साधन व जीवन में सफलता-लाभ का स्वाभाविक उपाय — कुरुक्षेत्र में भक्तगण के सेवा-प्रयास से कर्मीगण का भी मंगल — शुद्धभक्ति-प्रचार में आनुकूल्य के फलस्वरूप असत्सङ्गी विद्धमतावलम्बी व्यक्तिगण की भी अज्ञात-सुकृति की सम्भावना। ]
स्नेहविग्रहेषु—
आपके पत्रादि व कुछ तार (टेलीग्राम) मिले हैं। आज आपको कुरुक्षेत्र में सहायता (आनुकूल्य) भेजने हेतु टेलीग्राम किया है। कुरुक्षेत्र में सूर्यग्रहण के समय श्रीव्यासगौड़ीय मठ में जो उत्सव होगा, उसमें भक्तिमार्ग के पथिकों के भी अनेक कृत्य हैं। हमारे सेव्यविग्रह-आश्रयजातीय भगवत्परिकरगण को बहुत दिनों की विरहकातरता से रक्षा कर कृष्णोन्मुख कराने के लिए कुरुक्षेत्र ले जाना होगा। अतएव माथुर-विरहकातर ब्रजवासियों की सेवा करना ही हमारा परम धर्म है। ऐश्वर्यप्रधान रस की उपास्य वस्तु होकर श्रीकृष्ण द्वारका में रहते हुए भी, उन्हें चिन्मय रथ पर आरूढ़ कराकर स्यमन्तपञ्चक के “सन्निहित-सर” में सूर्यग्रहणोपलक्ष्य में लाना होगा। उसके लिए रथ की आवश्यकता है।
आप जानते हैं—इन सब सेवाकार्यों में हमारा कुछ प्रापञ्चिक व्यय है। हम विषयाबद्ध जीव हैं—कृष्णसेवा के उद्दीपनभाव के बिना विषयभोग में व्यस्त रहते हैं; अतः हमारे निकट ये सभी लीला-कथाएँ अर्चारूप में प्रकट होने पर हमारी भी सेवावृत्ति का उन्मेष दिखाई देगा। विषय और आश्रय का मिलन-कार्य ही हमारे सेवनधर्म का आदर्श है। इसके अतिरिक्त, सेवाविमुख हम लोगों को सेवोन्मुख करने हेतु लीलासमूह का उद्दीपन भजन-विषय में विशेष सहायता करता है, अर्थात् जड़-जगत की विषय-सेवा से निवृत्त कराकर भगवान् की नित्यलीला के सेवकगण की चेष्टाएँ चेतन की वृत्ति में उदित होती हैं।
श्री ∷ ∷ द्वारका से रथ पर श्रीकृष्ण को श्रीव्यासाश्रित गौड़ीय मठ के “सन्निहित-सर” के निकट लाने हेतु नियुक्त हैं। उसमें सहायता करने के लिए आप लोग जहाँ भी हैं, अपने कायिक, मानसिक व वाचिक परिश्रमलब्ध प्रापञ्चिक विनिमय (अर्थसंग्रह) करके भेजिएगा। समय बहुत ही संकीर्ण है; लीलासमूह के अर्चामूर्तियों का हम सभी निरीक्षण करके तत्तद्भावों का अनुसरण करने में जिससे समर्थ हों, उस विषय में सभी को आन्तरिक चेष्टा करनी चाहिए।
∷ ∷ को काशी का उत्सव व नैमिषारण्य दर्शन कराकर, कुरुक्षेत्र में कृष्ण-विजयलीला में श्रीवृन्दावन की ‘तथाप्यन्तःखेलन्मधुरमुरलीपञ्चमजुषे मनो मे कालिन्दीतटविपिनाय स्पृहयति’ लीला का दर्शन कराएँगे। इन सब लीलाओं की सेवा कर सकने पर उनकी भी विषय-वासना खर्व होकर मानव जीवन सफलता लाभ करेगा। सूर्यग्रहण में “सन्निहित-सर” या ब्रह्मतीर्थ व स्यमन्तपञ्चक के द्वैपायन-ह्रद आदि में स्नानादि को समस्त पापों का नाशक जानें। विशेषतः सूर्योपराग में उस पुण्यजल में स्नान करने पर कृष्णसेवा-प्रवृत्ति उद्दीप्त होती है; और गौण रूप से जड़भोगवासना-रूपी पाप-पुण्य-वासना भी दूर होती है।
सूर्योपराग में वर्तमान विष्णुस्वामी-सम्प्रदायावलम्बी वल्लभ-सम्प्रदाय के सभी लोग वहाँ उपस्थित होंगे। गौड़देश से कुरुक्षेत्र बहुत दूर होने के कारण बहुत-से लोग सशरीर वहाँ उपस्थित नहीं हो पाते। वे श्रीराधागोविन्द के मिलन के लिए दूर रहकर भी स्वतः अथवा दूसरों के माध्यम से चेष्टा करते हैं। कहना न होगा कि जो व्यक्ति माथुर-विप्रलम्भ के किसी भी प्रकार के कृष्णमिलन में सहायता करेंगे, वह चाहे जितना भी स्थूल क्यों न हो, उसके भीतर विचक्षण परिदर्शक के निकट सेवा का उत्कर्ष दिखाई देगा। जो व्यक्ति सशरीर कुरुक्षेत्र में कृष्णदर्शन हेतु नहीं जा पाएँगे, वे दूर रहकर भी उस मिलन में सहायता करके उस विप्रलम्भभाव द्वारा रसपुष्टि का सम्पादन कर सकते हैं।
कर्मी-सम्प्रदाय इन सब गम्भीर बातों को न समझ पाने पर भी, जो पुण्यार्थी व्यक्ति सूर्योपराग में वहाँ स्थूल रूप से पाप-क्षीण करने हेतु अग्रसर होंगे, उनके पुण्य-प्रयास के भीतर भी गौण रूप से कृष्णसेवा सम्पादित होगी। वहाँ इस वर्ष पुण्यार्थियों के भावी अस्वस्थ स्वास्थ्य के पुनःस्थापन के निमित्त चिकित्सालय स्थापित किया जाएगा एवं असहायों की सहायता करने की व्यवस्था की जाएगी।
ढाका नवाबपुर में ∷ ∷ के बीच जो शुद्ध-भगवद्भक्ति की विरोधी धारा प्रवाहित होकर श्रीमद्ध्वगौड़ीय-मठोत्सव के प्रति विमुखता दर्शा रही है, उस धारा में बहते हुए व्यक्तियों को भी कुरुक्षेत्रोत्सव में सहायता करने के लिए कहने पर वे जाति-गोस्वामियों के अपराध-स्पर्श से मुक्त होकर अज्ञात-सुकृति के पथ पर चल सकते हैं। इति—
नित्याशीर्वादक
श्रीसिद्धान्तसरस्वती