श्रीश्रीगुरुगौरांगों जयतः
श्रीगौड़ीय मठ, कलकत्ता
इंग्रेजी ७।५।३०
[ गृहस्थ भक्तमहिलागण को भजनपरायण गृह में स्थित होकर ही काय-मनो-वाक्य से कृष्णानुशीलन करना कर्तव्य — कृष्णसेवा के परित्याग से जीव की बद्धता — अपसम्प्रदाय-उपसम्प्रदाय-भुक्त अथवा असत्सङ्गी कपट व्यक्तिगण के त्यागी, साधु अथवा वैष्णव के वेशमात्र दर्शन से उनका उच्छिष्ट ग्रहण अथवा उनको उच्छिष्ट-प्रदानादि द्वारा उनके किसी भी प्रकार के सङ्ग के फलस्वरूप जीव का अधःपतन अनिवार्य — वैष्णव के वेश में कलि का आक्रमण — धर्म के नाम पर भविष्य में अधर्माचरण के सुयोग हेतु तीर्थवासादि का छलना अपराधमय — अनात्मवित् व्यक्तियों का सङ्ग प्रेय होने पर भी श्रेय-परिपन्थी — श्रीमन्महाप्रभु द्वारा परमेश्वरी मोदक के साथ व्यवहार-दृष्टान्त से लोक-शिक्षादान। ]
‘श्रीचैतन्यदेव ने गृहस्थभक्त व महिलागण को घर में बैठकर भगवत्सेवा में काय-मनो-वाक्य से नियुक्त होने के लिए कहा है। कृष्णसेवा का परित्याग करने पर जीव बद्ध हो जाता है। उस समय वह कृष्णेतर (कृष्ण से भिन्न) वस्तुओं में अभिनिविष्ट (लिप्त) हो जाता है।
सखीभेकी-दल के उस कौपीनधारी व्यक्ति के उच्छिष्ट-ग्रहण के विषय में भला-बुरा प्रश्न पूछना, यह “सात काण्ड रामायण पढ़कर ‘सीता किसकी माता/बाप?’ ” जैसे प्रश्न के समान है। कालनेमि, धर्मध्वजी, कौपीनधारी पाखण्डियों के साथ वार्तालाप व दर्शनादि तक निषिद्ध है; उनका उच्छिष्ट खाना तो दूर की बात, उनको उच्छिष्ट देने पर भी अधःपतन अनिवार्य है। कलि नाना मूर्तियों में वैष्णव के वेश में जीव को पतित कराता है। धर्म के नाम पर भविष्य में अधर्मबुद्धि करने के उद्देश्य से जो तीर्थवास और धर्म का आचरण है, वह सर्वथा संगत नहीं है। इसीलिए श्रीरूप-सनातन प्रभृति भगवत्पार्षदगण प्रकटलीला का संवरण करके केवल भगवत्सेवा ही करते रहे। अन्यथा धर्मध्वजियों के धर्म के आचरण बद्धजीवों को और भी अधिक बद्ध भूमिका में ले जाते हैं। जिनके आत्मवित् (तत्वज्ञ) के निकट अपनी भगवत्सेवा-प्रवृत्ति सर्वक्षण उदित नहीं हुई है, उन व्यक्तियों का संग चाहे कितना भी प्रीतिप्रद क्यों न लगे, वह कभी भी वांछनीय नहीं है। श्रीचैतन्यदेव के परमेश्वरी मोदक की पत्नी के साथ नीलाचल में सम्भाषण-व्यवहार के तात्पर्य पर विचार करने पर सभी बातें हृदय में स्वतः ही उदित हो जाएँगी।
नित्याशीर्वादक
श्रीसिद्धान्तसरस्वती