श्रीश्रीगुरुगौरांगों जयतः
श्रीपुरुषोत्तम मठ, पुरी
१ला मे, १९२९
[ पांचरात्र-दीक्षा में दीक्षित का अर्चन, मन्त्र व गायत्री-जप — वैष्णवगण शिव का किस विचार से दर्शन करेंगे? — ब्रह्मगायत्री, गुरुगायत्री प्रभृति कीर्तन के उद्देश्य से जप — लक्षनाम-ग्रहण में असमर्थ को ‘पतित’ कहते हैं। ]
स्नेहविग्रहेषु—
कुछ दिन पूर्व आपकी एक कृपालिपि मिली थी; किन्तु कार्याधिक्य के कारण समयानुसार उत्तर नहीं लिख सका। संप्रति आपका १३।४।२९ तारीख का पत्र मिला। भगवत्कृपा से अच्छा हूँ। कुछ दिन हुए श्रीपुरुषोत्तम क्षेत्र में आने पर कोई शारीरिक असुविधा नहीं हुई है। इच्छा है, ज्येष्ठ-स्नान पर्यन्त यहीं रहूँगा।
प्राप्त मन्त्र द्वारा अर्चन करने की इच्छा हो तो अर्चन कीजिएगा, अन्यथा प्रतिदिन त्रिसन्ध्या में द्वादश बार मन्त्र व गायत्रीसमूह का जप कर सकते हैं। जपादि करने के समय यदि व्यग्रता उपस्थित न हो, तो जपादि सुचारु रूप से हो रहे हैं, ऐसा जानना चाहिए।
श्रीश्रीलक्ष्मीनारायण जीउ एवं श्रीबाणलिंग पूजा की व्यवस्था करके जब बान्धव * * महाशय के घर ठाकुर जी को रखा है और वहाँ पूजादि हो रही है, तब फिर आपका उस विषय में अधिक चिन्ता करने की आवश्यकता नहीं है। जब उन मूर्तियों को पुनः ग्रहण करेंगे, तब विधिवत् उनकी पूजा विहित होगी। उन सब विषयों में विस्तृत उपदेश पत्र में लिखना सम्भव नहीं है। तथापि जानिएगा, महादेव के निकट पूर्व आचार्य श्रीविश्वनाथ चक्रवर्ती ठाकुर इस प्रकार विज्ञप्ति करते हैं—
“वृन्दावनावनिफ्ते जय सोम-सोम-
मौले सनन्दन-सनातन-नारदेड्य।
गोपेश्वर ब्रजविलासि युगाङ्घ्रि-पद्मे
प्रीतिं प्रयच्छ नितरां निरुपधिकां मे॥”
(अर्थात: हे वृन्दावन के रक्षक! हे उमा सहित चन्द्रशेखर! हे सनन्दन, सनातन और नारद द्वारा वन्दित! हे गोपेश्वर! आप मुझ पर कृपा कर ब्रजविलासी युगलकिशोर के चरणकमलों में मेरी प्रगाढ़ एवं निष्कपट प्रीति प्रदान कीजिए।)
रुद्र देवता को विष्णु से भिन्न दृष्टि से देखने जाने पर उन्हें वैष्णव रूप में दर्शन करना होता है; विष्णु के गुणावतार रूप में दर्शन करने पर केवल आधिकारि का देवता मात्र ही ज्ञान होता है। विष्णु-कलेवर में विकार की सम्भावना नहीं है; किन्तु शांभवलीला में प्रकृति के गुणों के साथ सम्बन्ध है। इसीलिए विष्णु से भेद-दर्शन आ पड़ता है।
ब्रह्म-गायत्री, श्रीगुरु-गायत्री, श्रीगौर-गायत्री एवं काम-गायत्री का गान करने के उद्देश्य से जप करना होगा। संख्यानाम क्रमशः लक्ष संख्या (एक लाख) ग्रहण करने की चेष्टा करेंगे। लाख नाम से कम हो जाने पर उसे ‘पतित’ कहा जाता है। अतएव अपतित नाम करने का ही यत्न करेंगे। अर्चनकाल में जल, तुलसी, नैवेद्य, धूप, दीप—सभी का हरिसेवा के लिए प्रबन्ध करेंगे। कार्तिक मास पर्यन्त आप वहाँ के कार्य में आबद्ध रहेंगे, यह जाना। भगवत्कृपा होने पर उसके पूर्व भी आपको अवकाश प्राप्त हो सकता है।
आपका जिस स्थान पर रहकर हरिसेवा करने का अभिप्राय हो, उसी प्रकार से कर सकेंगे। इस सम्बन्ध में क्रमशः चर्चा हो सकेगी। आपका सुदृढ़ भगवदनुराग देखकर हमें विशेष आनन्द हो रहा है। इसी से जाना है कि भगवान् की कृपा आपके ऊपर अत्यधिक है, अन्यथा कुसंस्कार कोई इतनी शीघ्र छोड़ नहीं पाता। * * *
नित्याशीर्वादक
श्रीसिद्धान्तसरस्वती