श्रीश्रीगुरुगौरांगों जयतः

श्रीचैतन्यमठ, श्रीधाम-मायापुर,
इंग्रेजी १३।१२।२८

[ असमय में पकी (अपरिपक्व/अधपकी) बुद्धि द्वारा अप्राकृत फल लाभ नहीं होता — सम्बन्धज्ञान-हीन व्यक्ति की अनुराग-मार्ग में उच्चाधिकार प्राप्ति की अवैध-चेष्टा जड़ता-ज्ञापक है — नाम और नामी में भेदबुद्धि-युक्त व्यक्ति के अनर्थ-निवृत्ति के लिए भजन-कुशल की सेवा अपरिहार्य है — प्राकृत-सहजिया का नामाक्षर उच्चारण का अभिनय तोते के समान है — ‘भजन’ लोक-दिखावे का विषय नहीं है — उच्च स्वर में हरिनाम आलस्य-नाशक है। ]

स्नेहविग्रहेषु,—
आपके पत्र में शास्त्र-सार-संग्रह देखकर बहुत आनन्द लाभ हुआ। इन सब बातों पर चित्त में भली-भाँति विचार करने पर ही जान सकेंगे कि आलस्य से उत्पन्न कच्ची/अपरिपक्व बुद्धि वास्तव में फल प्रदान करने में असमर्थ होती है। हम क्षुद्र जीव हैं, विधि-मार्ग के पथिक हैं; तथापि राग के विरोधी नहीं हैं। राग की बात बहुत बड़ी है, किन्तु हमारे मुख से वह शोभा नहीं पाती। छोटे मुख से बड़ी बात सुनकर भजनानुरागीगण हँसकर उड़ा देंगे।

कृष्ण क्या वस्तु हैं, यह जिनकी समझ में ही नहीं आया, उनकी अनुराग-मार्ग में उच्चाधिकार-प्राप्ति की चेष्टा—आलस्य-ज्ञापक है; यही बात महाजनों ने पग-पग पर कही है।

श्रीभगवान् का नाम और भगवान् एक ही वस्तु हैं। जिनके अपने बद्ध-विचार के कारण नाम और नामी में भेद-बुद्धि है, उनकी अनर्थ-निवृत्ति के लिए भजन-कुशल जनों की सेवा करना नितान्त आवश्यक है; यह दिखाने के लिए ही श्रीगौरसुन्दर के पार्षद-भक्तगण उसका वर्णन करते हैं। तोते की तरह यदि हम उसे रटने (दुहराने) जाएँ, तब लोग हमें ‘प्राकृत-सहजिया’ कहकर निर्देशित करते हुए हमारी आन्तरिकता/महत्ता घटा देंगे। प्राकृत-सहजियागण इस प्रकार दुर्गति के कीचड़ में डूब गए हैं, इसलिए उस “पंके गौरिव सीदति” दल को रागानुगा-भक्ति की महिमा प्रदर्शित करनी हो, तो स्वयं भजन-चतुर होकर दूसरों का मंगल-विधान करना पड़ता है। अतएव लिखी गई बातों को आप भली-भाँति समझने का यत्न कीजिएगा। ‘भजन’ बाहर का या लोक-दिखावे की वस्तु नहीं है। उच्च स्वर से हरिनाम कीजिएगा, जिससे आलस्यरूपी भोग हमें ग्रसित न कर सके।

आशीर्वादक
श्रीसिद्धान्तसरस्वती