श्रीश्रीगुरुगौरांगों जयतः

श्रीगौड़ीय मठ, कलकत्ता
२रा मार्च, १९२९

[ स्त्री-पुरुष निर्विशेष रूप से मनुष्यमात्र का ही पारमार्थिक दीक्षा में अधिकार — शास्त्रीय प्रमाण — आत्मा स्त्री, पुरुष या नपुंसक नहीं है, अनात्म-प्रतीति में स्त्री-पुरुषादि बुद्धि का उदय — सामाजिक धर्म लौकिक विचार में आबद्ध — पारमार्थिक नित्यधर्म का याजन ही जीवमात्र का कर्तव्य। ]

परमकल्याणीय श्रीमान् ठाकुर प्रसाद अधिकारी—
स्नेहविग्रहेषु—
आपके २८ फरवरी के पत्र से सभी समाचार अवगत हुआ। इसके पूर्व आपके अन्य स्थान जाने की बात सुनी थी। आप सीतापुर से अन्यत्र चले जाने से वास्तव में ही हमारा उत्साह और साहस कम हुआ है। जो भी हो, भगवदिच्छा से आपकी सुविधा में ही हमारी सुविधा है। संप्रति यहाँ श्रीधाम-परिक्रमा एवं महाप्रभु के प्रकटोत्सव के लिए हम लोग नियुक्त (व्यस्त) हैं। यह कार्य समाप्त करके अप्रैल मास के अन्तिम भाग में अथवा मई मास में हरिद्वार जाने का विचार किया है। हरिद्वार से बदरिकाश्रम की तीर्थयात्रा करूँगा। सुविधा होने पर आप लोगों के दर्शन करने की इच्छा है।

शास्त्र में सभी का पारमार्थिक दीक्षा का अधिकार है, वह साधारण लौकिक दीक्षा की तरह सम्प्रदाय-विशेष में आबद्ध नहीं है। कतिपय प्रमाण यहाँ उद्धृत कर रहा हूँ। उनका अर्थ पण्डित महाशय को समझा दीजिएगा,—

“तान्त्रिकेषु च मन्त्रेषु दीक्षायां योषितामपि।
साध्वीनामधिकारोऽस्ति शूद्रादीनाञ्च सद्द्वियाम्॥”

(अर्थात: तान्त्रिक मन्त्रों की दीक्षा में साध्वी स्त्रियों तथा सत्कर्म करने वाले शूद्रादि का भी अधिकार है।)

तथा च स्मृत्यर्थसारे। पाद्मे च वैशाखमाहात्म्ये श्रीनारदाम्बरीषसंवादे—
“आगमोक्तेन मार्गेण स्त्रीशूद्रैश्चैव पूजनम्।
कर्तव्यं श्रद्धया विष्णोश्चिन्तयित्वा पतिं हृदि॥
शूद्राणां चैव भवति नाम्ना वै देवतार्चनम्।
सर्व्वे चागम-मार्गेण कुर्य्युर्वेदानुसारिणा॥
स्त्रीणामप्यधिकारोऽस्ति विष्णोराराधनादिषु।
पतिप्रियहितानाञ्च श्रुतिरेषा सनातनी॥”

(अर्थात: आगमोक्त मार्ग से स्त्री और शूद्रों को भी श्रद्धापूर्वक अपने हृदय में जगत्पति विष्णु का ध्यान करते हुए पूजन करना चाहिए। शूद्रों का देवतार्चन नाम द्वारा होता है। सभी को वेदानुसार आगम-मार्ग से ही अर्चन करना चाहिए। पति के प्रिय और हित में तत्पर रहने वाली स्त्रियों का भी विष्णुआराधनादि में अधिकार है—यह सनातन श्रुति का विधान है।)

अगस्त्यसंहितायां श्रीराममन्त्रराजमधिकृत्य,—
“शुचिव्रततमाः शूद्रा धार्मिका द्विजसेवकाः।
स्त्रियः पतिव्रताश्चान्ये प्रतिलोमानुलोमजाः।
लोकाश्चण्डालपर्य्यन्ताः सर्व्वेऽप्यत्राधिकारिणः
(हः भः विः)”

(अर्थात: शुचिव्रतपरायण, धार्मिक, द्विजसेवक शूद्र, पतिव्रता स्त्रियाँ तथा अन्य प्रतिलोम-अनुलोम से उत्पन्न लोग और चाण्डाल पर्यन्त सभी इस मन्त्रराज में अधिकारी हैं। —
हरिभक्तिविलास, प्रथम विलास, श्लोक ९१)

यथा बृहद्गौतमीये,—
“अथ कृष्णमनून् वक्ष्ये दृष्टादृष्टफलप्रदान्।
यान् वै विज्ञाय मुनयो लेभिरे मुक्तिमञ्जसा॥
गृहस्था वनगाश्चैव यतयो ब्रह्मचारिणः।
स्त्रियः शूद्रादयश्चैव सर्व्वे यत्राधिकारिणः॥
(हः भः विः १०३)”

(अर्थात: अब मैं दृष्ट और अदृष्ट फल प्रदान करने वाले कृष्णमन्त्रों को कहता हूँ, जिन्हें भली-भाँति जानकर मुनियों ने अनायास ही मुक्ति प्राप्त कर ली। गृहस्थ, वानप्रस्थ, यति, ब्रह्मचारी, स्त्रियाँ और शूद्रादि—सभी इसमें अधिकारी हैं। — हरिभक्तिविलास, प्रथम विलास, श्लोक १०३)

विशेषतः जीवमात्र ही भगवान् की सेवा करने के लिए मनुष्यजन्म लाभ करता है। पश्वादि जन्म में दीक्षा सम्भव नहीं होती, इसलिए मानवजन्म का ही प्राधान्य शास्त्र में कहा गया है।

“द्विजानामदुपेतनां स्वकर्माध्ययनादिषु।
यथाधिकारो नास्तीह स्याच्चोपनयनादनु॥
तथात्रादीक्षितानान्तु मन्त्रदेवार्चनादिषु।
नाधिकारोऽस्त्यतः कुर्य्यादात्मानं शिवसंस्कृतम्॥”

(अर्थात: जिस प्रकार उपनयन न होने तक द्विजों का अपने कर्म व अध्ययनादि में अधिकार नहीं होता, उपनयन के पश्चात् ही होता है; उसी प्रकार यहाँ जब तक दीक्षा न हो, तब तक मन्त्र और देवार्चनादि में अधिकार नहीं होता, अतः स्वयं को कल्याणकारी दीक्षा से संस्कृत करे।)

स्कान्दे कार्तिकप्रसङ्गे श्रीब्रह्मनारद-संवादे,—
“ते नराः पशवो लोके किं तेषां जीवने फलम्।
यैन लब्धा हरेर्दीक्षा नार्च्चितो वा जनार्द्दनः॥”

(अर्थात: इस संसार में वे मनुष्य वस्तुतः पशु ही हैं और उनके जीवन का क्या फल है, जिन्होंने भगवान् श्रीहरि की दीक्षा प्राप्त नहीं की और श्रीजनार्दन की अर्चना नहीं की।)

तत्रैव श्रीकृष्णार्जुन-मोहिनी संवादे विष्णुयामले च,—
“अदीक्षितस्य वामोरु कृतं सर्व्वं निरर्थकम्।
पशुयोनिमवाप्नोति दीक्षाविरहितो जनः॥
(हः भः विः)”

(अर्थात: हे वामोरु! अदीक्षित व्यक्ति का किया हुआ समस्त कर्म निरर्थक है। दीक्षा से विहीन व्यक्ति मृत्यु के उपरान्त पशुयोनि को प्राप्त होता है। — हरिभक्तिविलास, द्वितीय विलास, श्लोक ३ एवं ४)

आत्मा—स्त्री, पुरुष या नपुंसक नहीं है। कर्मफलबाध्य जीव आत्मविस्मृतिवश अनात्म-उपाधि में स्त्री-पुरुषादि की बुद्धि किया करता है। पण्डितगण इसे स्वीकार नहीं करते।

“यस्यात्मबुद्धिः कुणपे त्रिधातुके
स्वधीः कलत्रादिषु भौम इज्यधीः।
यत्तीर्थबुद्धिः सलिले न कर्हिचित्-
जनेष्वभिज्ञेषु स एव गोखरः॥”
(भाः १०।८४।१३)

(अर्थात: जो मनुष्य त्रिधातु (वात-पित्त-कफ) निर्मित इस शव-तुल्य शरीर में आत्मबुद्धि रखता है, पत्नी-पुत्रादि में अपनापन मानता है, मिट्टी-पत्थर की मूर्तियों में पूज्यबुद्धि रखता है, और केवल जल में ही तीर्थबुद्धि करता है—किन्तु ज्ञानी महापुरुषों में कभी ऐसी बुद्धि नहीं करता, वह मनुष्यों में पशु (गधे) के समान है।)

भागवत के इस श्लोक का अर्थ यह है कि, जिनकी ‘अहं’ में पुरुष और स्त्री बुद्धि है, तथा जिनका विचार स्थूल धर्मशास्त्र के नियमों में ही आबद्ध रहने का है, वे—पशुओं के मध्य गधे हैं।

विशेषतः—
“प्रायेण वेद तदिदं न महाजनोऽयं
देव्या विमोहितमतिर्व्वत माययालम्।
त्रय्यां जड़ीकृतमतिर्मधुपुष्पितायां
वैतानिके महति कर्मणि युज्यमानः॥”
(भाः ६।३।२५)

(अर्थात: प्रायः यह देखा जाता है कि यह संसार दैवी माया से भली-भाँति विमोहित बुद्धि वाला होने के कारण इस भागवत-धर्म को नहीं जानता; क्योंकि उसकी मति सकाम कर्मों के मधुर व लुभावने फल-प्रतिपादक वेदों के वचनों में जड़ित हो गई है और वह बड़े-बड़े यज्ञीय अनुष्ठानों में ही उलझा रहता है।)

भागवत-विचार को न समझ पाने के कारण बन्धमोक्षविद् न होकर ही बहुत-से लोग पारमार्थिक दीक्षा लाभ करने से वंचित रह जाते हैं। किन्तु स्त्री-पुरुष सभी का पारमार्थिक दीक्षा में अधिकार है—यह कोई भी सनातनधर्मावलम्बी पण्डित अस्वीकार नहीं कर सकता। आत्मा कभी भी प्रपञ्च (भौतिक संसार) की स्त्री नहीं है। स्वरूपबोध के अभाव में जो सामाजिक धर्म लौकिक विचार में आबद्ध हैं, उनका अतिक्रमण करके सभी का साधुपथ पर अग्रसर होना कर्तव्य है।

नित्याशीर्वादक
श्रीसिद्धान्तसरस्वती