श्रीप्रभुपादाय नमः।

समुद्भूतिर्भवतेरपि खलु विनोदात् समभवद्
यदीया संपूज्या सुमतिरिव माता भगवती।
स्वयं यः सौन्दर्याञ्चिततनुरभूद् वैष्णववरः स
आचार्यत्वेन स्फुरतु प्रभुपादो मम पुरः॥ 1 ॥

प्रातः स्मरणीय वे श्रीप्रभुपाद मेरे सामने आचार्य के रूप में सदैव स्फूर्ति पाते रहें कि, जिनका प्रादुर्भाव श्रीभक्ति महारानी के विलास से (विक्रमाब्द 1930, माघ कृष्णा पंचमी, 25 माघ 1280 बंगाब्द, 6 फरवरी 1874 ई० स०, शुक्रवार में) हुआ था अथवा श्री सच्चिदानन्द भक्तिविनोद ठाकुर से हुआ था, एवं जिनकी परमपूजनीय माता, सुन्दर बुद्धिवारी ध्रुव की माता सुनीति देवी की तरह श्री भगवतीदेवी थीं, तथा जो श्रीप्रभुपाद (विष्णुपाद परमहंस 108 श्रीमद्भक्तिसिद्धान्त सरस्वती गोस्वामी प्रभुपाद) स्वयं सौन्दर्य द्वारा पूजित श्री विग्रह वाले, अर्थात परम मनोहर शरीर वाले परम वैष्णव थे। (1)

जगन्नाथक्षेत्रे जननसमये यस्य निटिले
बभावूर्ध्वं पुण्ड्रं विमलमुपवीतं च वपुषि।
प्रसादान्ता संज्ञा भवति विमला यस्य च पुरा
स आचार्यत्वेन स्फुरतु प्रभुपादो मम पुरः॥ 2 ॥

प्रातः स्मरणीय वे श्रीप्रभुपाद मेरे सामने आचार्य के रूप में सदैव स्फूर्ति पाते रहें कि, जगन्नाथपुरी में जिनके प्रादुर्भावके समय जिनके मस्तक पर ऊर्ध्वपुण्ड्र सुशोभित था, एवं जिनके श्री विग्रह में निर्मल यज्ञोपवीत का चिह्न शोभा पा रहा था, तथा पहले अर्थात बाल्यावस्था में जिनका नाम श्री विमलाप्रसाद था, कारण श्रीजगन्नाथदेव की पराशक्ति श्री विमलादेवी के नामानुसार ही इनका नाम श्री विमलाप्रसाद रखा गया था, तथा जन्म से 6 महीने बाद रथ यात्रा के समय श्री जगन्नाथदेव के महाप्रसाद द्वारा ही इनका अन्नप्राशन-संस्कार सम्पन्न हुआ था। (2)

जगन्नाथास्यांघ्रि योह्ग्रहणमनु तत्कण्ठपदतो
गृहीत्वा तन्मालां तघुनिनकराभ्यां शिशुतया।
शिशुत्वेऽपि स्वीयं सहजमनुरागं गदति यः
स आचार्यत्वेन स्फुरतु प्रभुपादो मम पुरः॥ 3 ॥

प्रातः स्मरणीय वे श्रीप्रभुपाद मेरे सामने आचार्य के रूप में सदैव स्फूर्ति पाते रहें कि, जिन्होंने रथ यात्रा में श्री जगन्नाथदेव के चरणों का स्पर्श करने के अनन्तर, उनके कण्ठ से बाल्यसुलभ चपलता से, अपने छोटे-छोटे कर कमलों के द्वारा उनकी प्रसादी माला ग्रहण करके, बाल्यावस्था में ही अपने स्वाभाविक भगवदनुराग को स्पष्ट कर दिया था, यह उनकी शिशु रुचि-परीक्षा की विशेषता थी। (3)

प्रमाणैः शास्त्राणां सदसि वदतिस्माऽल्पवयसि
द्विजेभ्यः श्रेष्ठा भो जगति नितरां वैष्णवजनाः।
विशुद्धां भक्तिं यः स्वयमवति वक्ति स्म च
पुरा स आचार्यत्वेन स्फुरतु प्रभुपादो मम पुरः॥ 4 ॥

प्रातः स्मरणीय वे श्रीप्रभुपाद मेरे सामने आचार्य के रूप में सदैव स्फूर्ति पाते रहें कि, जिन्होंने छोटी-सी अवस्था में ही विद्वानों की सभा में, शास्त्रों के प्रमाणों के द्वारा यह कह दिया था “हे सभासदो! देखो, भक्तिविहीन सर्वगुणसम्पन्न ब्राह्मणों की अपेक्षा संसार में वैष्णवजन ही सर्वश्रेष्ठ हैं।” प्रमाणं यथा- “विप्राद् द्विषड्गुणयुता-दरविन्दनाभपादारविन्दविमुखाच्छवपचं वरिष्ठम् ….. भा० ७/९/१०” इत्यादि, एवं जो अन्याभिलाषिता शून्य, ज्ञान-कर्म से अनावृत अनुकूलतापूर्वक श्री कृष्ण का अनुशीलन रूप विशुद्ध भक्ति की स्वयं रक्षा करते थे, तथा उसी भक्ति का प्रवचन करते थे। (4)

द्विजानां भक्तानां भवति च कियान् भेद इति
सत्-सुसिद्धान्तेनाढ्यं रचयति पुरा पुस्तकमपि।
सदाचाराऽऽचार्याऽऽचरणकथकं ग्रन्थमपि यः
स आचार्यत्वेन स्फुरतु प्रभुपादो मम पुरः॥ 5 ॥

तः स्मरणीय वे श्रीप्रभुपाद मेरे सामने आचार्य के रूप में सदैव स्फूर्ति पाते रहें कि, जिन्होंने “ब्राह्मणों का एवं विशुद्ध भक्तों का पारस्परिक कितना भेद है?” इस प्रकार के सुन्दर सिद्धान्त से युक्त “ब्राह्मण-वैष्णव तारतम्य”- नामक ग्रन्थ की रचना की थी, तथा सदाचार, आचार्य और उनके आचरण को बतलाने वाला “आचार एवं आचार्य” नामक ग्रन्थ की भी रचना की थी, अतः स्वयं आचरणशील होने के कारण आपकी जीवन यात्रा परम आदर्श स्वरूप थी। (5)

निजाचार्यत्वं यः प्रथयति सदाचारनिवहैः
शचीसूनोस्तुल्यं मधुरहरिसंकीर्तनमपि।
गुरोः सेवां मुख्यां निगदति पुरा कृष्णगतये
स आचार्यत्वेन स्फुरतु प्रभुपादो मम पुरः॥ 6 ॥

प्रातः स्मरणीय वे श्रीप्रभुपाद मेरे सामने आचार्य के रूप में सदैव स्फूर्ति पाते रहें कि, जो अपने आचार्यत्व को सदाचार समुदाय के द्वारा विस्तारिता करते थे, एवं जो परम मधुर श्रीहरिनाम संकीर्तन को शचीनन्दन श्री चैतन्यदेव की तरह प्रकाशित करते थे, तथा सरलतापूर्वक श्रीकृष्ण की प्राप्ति के लिए अपने श्रीगुरुदेव की सेवा को ही मुख्य साधन बतलाते थे। (6)

महामंत्रस्याऽनुष्ठितिपरिसमाप्तौ सितहरिः
प्रचारार्थं यस्मै स्वयमुपदिदेश स्वपनके।
तथा शक्तेः संचारणमपि ददौ यस्य वपुषि
स आचार्यत्वेन स्फुरतु प्रभुपादो मम पुरः॥ 7 ॥

प्रातः स्मरणीय वे श्रीप्रभुपाद मेरे सामने आचार्य के रूप में सदैव स्फूर्ति पाते रहें कि, जिनके सौ-करोड़ “हरे कृष्ण” इत्यादि महामंत्र के जपरूप अनुष्ठान की समाप्ति के बाद होने वाले स्वपन में, श्री गौरहरि ने परिकर सहित प्रकट होकर, जिनके लिए श्री हरिनामप्रचारार्थ स्वयं उपदेश दिया था कि “तुम श्रीहरिनाम का प्रचार करो हम तुम्हें साथ देंगे, तुम अपने को अकेला समझकर उत्साह रहित न होना, हमारा पूर्ण सहयोग तुम्हें सदैव मिलता रहेगा” इत्यादि, तथा जिनके श्रीविग्रह में भक्ति के प्रचार की शक्ति का संचार भी श्रीगौरहरि ने ही दिया था। (7)

विलुप्त तीर्थानां पुनरपि च कीर्तिः प्रकटिता
प्रसिद्धक्षेत्राणां भ्रमणमपि येन प्रकटितम्।
हरेर्धाम्नां नाम्नां सवसकलमाहात्म्यमपि च
स आचार्यत्वेन स्फुरतु प्रभुपादो मम पुरः॥ 8 ॥

प्रातः स्मरणीय वे श्रीप्रभुपाद मेरे सामने आचार्य के रूप में सदैव स्फूर्ति पाते रहें कि, जिन्होंने तीर्थों की विलुप्तप्राय कीर्ति फिर से प्रकट कर दिखाई, एवं ब्रजमण्डल-नवद्वीप धाम आदि प्रसिद्ध क्षेत्रों की परिक्रमा भी कर दिखाई, तथा श्रीहरि के धाम, नाम एवं समस्त उत्सवों का माहात्म्य भी जिन्होंने स्पष्ट करके दिखला दिया। (8)

तथा जन्माद्यास्यप्रथमतरपद्यस्य मधुरा कृता
त्रिंशद्व्याख्या विवृतिरपरा भागवतभाक्।
तथा ज्योतिर्वित्सु प्रथमतमज्योतिर्विदपि यः
स आचार्यत्वेन स्फुरतु प्रभुपादो मम पुरः॥ 9 ॥

प्रातः स्मरणीय वे श्रीप्रभुपाद मेरे सामने आचार्य के रूप में सदैव स्फूर्ति पाते रहें कि, जिन्होंने श्रीमद्भागवत के “जन्माद्यस्य” इत्यादि प्राथमिक श्लोक की 30 प्रकार की व्याख्या की थी, जो परम मधुर है एवं समस्त श्रीमद्भागवत का सेवन करने वाली अन्य भी अनेक प्रकार की व्याख्याएँ लिखीं, जो इस प्रकार हैं :- श्रीमद्भागवत के ‘अन्वय’ का नाम “गौरकिशोरान्वय” है, ‘अनुवाद’ का नाम “स्वानन्दकुञ्जानुवाद” है, ‘तथ्य’ का नाम “अनन्त गोपाल तथ्य” है, तथा ‘विवृति’ का नाम “सिन्धुवैभवविवृति” है। तथा जो ज्योतिषशास्त्र के तत्त्ववेत्ताओं में सर्वश्रेष्ठ ज्योतिषशास्त्र तत्त्ववेत्ता थे। (9)

तथा पंचोपास्तेरपि खलु हरेर्भक्तिरधिका
सदा कार्या रूपाऽनुगतिपरलोकैस्तदुदिता।
इतीमं सिद्धान्तं प्रकटमपि चक्रे जगति यः
स आचार्यत्वेन स्फुरतु प्रभुपादो मम पुरः॥ 10 ॥

प्रातः स्मरणीय वे श्रीप्रभुपाद मेरे सामने आचार्य के रूप में सदैव स्फूर्ति पाते रहें कि, जिन्होंने “पंचदेवोपासना की अपेक्षा श्रीहरि की भक्ति ही अधिक श्रेष्ठ है, अतः श्रीरूपगोस्वामी के अनुगामी लोगों को श्रीरूपगोस्वामी के द्वारा ‘श्रीभक्तिरसामृतसिंधुः’ में कही गयी विशुद्ध भक्ति ही सदा करनी चाहिए”, इस प्रकार का सिद्धान्त जगत में प्रकट करके दिखला दिया। (10)

भुवि भ्रामं भ्रामं परिभवति यो नास्तिकचयं
कथाद्वारा नित्यं सुखयतितरामास्तिकचयम्।
हरेस्तत्त्वज्ञो यो भवति नितरामेव च पुरा स
आचार्यत्वेन स्फुरतु प्रभुपादो मम पुरः॥ 11 ॥

प्रातः स्मरणीय वे श्रीप्रभुपाद मेरे सामने आचार्य के रूप में सदैव स्फूर्ति पाते रहें कि, जिन्होंने समस्त भूमण्डलपर घूम-घूमकर शास्त्रों के वास्तविक सिद्धान्त को बताकर, नास्तिक समुदाय को पराजित कर दिया, तथा अपनी मधुरकथा के द्वारा आस्तिक समुदाय को नित्यसुखी बना दिया, अतएव जो सर्वश्रेष्ठ श्रीकृष्णतत्त्ववेत्ता थे, एवं श्रीहरिकथा कीर्तन-परायण रहना ही जिनका दृढ़व्रत था। (11)

भुवि भ्रामं भ्रामं श्रुतिशरचयैर्नास्तिकमृगाः
कृताः पापारण्यान्नरकभयदाद् धर्मवनगाः।
न यत्राऽऽस्ते भीतिः शमनमृगयुत्यक्तशरजा स
आचार्यत्वेन स्फुरतु प्रभुपादो मम पुरः॥ 12 ॥

प्रातः स्मरणीय वे श्रीप्रभुपाद मेरे सामने आचार्य के रूप में सदैव स्फूर्ति पाते रहें कि, जिन्होंने भक्ति के मार्ग का अवलम्बन करके, पृथ्वी पर घूम-घूमकर, वेदरूपी-बाणों के समुदाय के द्वारा, नास्तिकरूपी मृगों को नरकसंबंधी यातनाओं का भय देने वाले, पापरूप-वन से निकाल कर, भागवतधर्मरूपी-वन में विचरण करने वाला बना दिया कि, जिस भागवतधर्मरूप-वन में, यमराजरूप-व्याध के द्वारा छोड़े हुए बाणों से उत्पन्न हुआ किञ्चित भी भय नही है। (12)

श्रुतिनां पत्री नास्तिकमदविनाशाय लिखिता
तथा भक्तिग्रन्थेष्वपि बहुषु टीका विलिखताः।
तथा येन श्रीभागवत-सुविमर्शो विरचितः
स आचार्यत्वेन स्फुरतु प्रभुपादो मम पुरः॥ 13 ॥

प्रातः स्मरणीय वे श्रीप्रभुपाद मेरे सामने आचार्य के रूप में सदैव स्फूर्ति पाते रहें कि, जिन्होंने नास्तिकों का मद मर्दन करने के लिये ‘प्रतीप प्रियनाथ के प्रश्नों का प्रत्युत्तर’- नामक पत्रिका लिखी तथा भक्तिसिद्धान्त-प्रतिपादक अनेक ग्रन्थों पर अनेक प्रकार की टीकाएँ लिखीं तथा श्रीमद्भागवत के ऊपर अपने सुन्दर विचार प्रगट किये। (13)

सदा स्वावं स्वावं सितहरिकथाकीर्तनरसं
प्रियैर्भक्तै रात्रिन्यिवमपि च यो नैव बुबुधे।
तथा वै यस्याऽजागरुरखिलशास्त्राणि हृदये
स आचार्यत्वेन स्फुरतु प्रभुपादो मम पुरः॥ 14 ॥

प्रातः स्मरणीय वे श्रीप्रभुपाद मेरे सामने आचार्य के रूप में सदैव स्फूर्ति पाते रहें कि, जो अपने प्यारे भक्तों के साथ श्रीगौरहरि के कथाकीर्तन का सदैव आस्वादन करते करते रात दिन के विभाग को भी भूल जाते थे और जिनके हृदयरूप-सरोवर में संपूर्ण शास्त्ररूप-कमल सदैव खिले रहते थे। (14)

सदों विष्णोःपादप्रतिमपवनो यः समुदितः
स्वरूप-श्रीरूपानुग-विमलसिद्धान्तरणिः।
तथा श्रीराधाया दयितदयितः प्रेमजलधिः स
आचार्यत्वेन स्फुरतु प्रभुपादो मम पुरः॥ 15 ॥

प्रातः स्मरणीय वे श्रीप्रभुपाद मेरे सामने आचार्य के रूप में सदैव स्फूर्ति पाते रहें कि, जो “विष्णुपाद” इस उपाधि के समान अथवा श्रीकृष्ण के चरणारविन्दों के समान सदैव परमपावन कहे जाते हैं, एवं जो श्री स्वरूप गोस्वामी तथा श्री रूप गोस्वामी के अनुगत निर्मल सिद्धान्त के मार्गस्वरूप कहे जाते हैं तथा जो श्री राधाकृष्ण के परमप्रिय और भगवत्संबंधी प्रेम के समुद्ररूप कहे जाते हैं। (15)

हरेश्चैतन्यस्य प्रबलकृपया पूरिततनु-स्तथा
धीराऽधीराश्रित-निरभिमानो भवति यः।
हरेर्गौराङ्गस्य स्मरणगुणतो जातजडिमा स
आचार्यत्वेन स्फुरतु प्रभुपादो मम पुरः॥ 16 ॥

प्रातः स्मरणीय वे श्रीप्रभुपाद मेरे सामने आचार्य के रूप में सदैव स्फूर्ति पाते रहें कि, जिनका श्रीविग्रह, श्रीकृष्ण तथा श्रीकृष्ण-चैतन्यदेव की प्रबल कृपा से परिपूर्ण रहता था तथा जो धीर एवं अधीरजनों के आश्रय होकर भी निरभिमान विद्यमान रहते थे, और श्रीकृष्ण एवं श्रीगौराङ्गमहाप्रभु के स्मरणरूपी-गुण से निस्तब्ध प्राय बने रहते थे।(16)

स्मृतेः स्तोत्रं चैतत् प्रथितप्रभुपादस्य विमलं
शरीरी यो नित्यं पठति मुदितो भावसहितः।
गुरौ तस्य प्रीतिर्भवति विमला भावविपुला
तथा श्रीमद्गाधारमण-करुणा-भाजनमपि॥ 17 ॥

इस प्रकार अनेक गुणविशिष्ट शिष्टवर्य विख्यातकीर्ति, श्रीप्रभुपाद के इस निर्मल स्मृतिस्तोत्र का, जो सज्जन भावपूर्वक हर्षित होकर प्रतिदिन पाठ करेगा, उसकी अपने श्रीगुरुदेव में विमल एवं भावपूर्ण प्रीति हो जायेगी तथा वह पाठक-सज्जन श्रीराधाकृष्ण की अहैतुकी करुणा का पात्र भी बन जायेगा। इस स्तोत्र में “शिखरिणी”-नामक छन्द हैं। (17)

श्रीभक्तिसिद्धान्तसरस्वतीति,
नाम्नां हरेर्नामप्रचारकाणाम्।
स्तोत्रं स्मृतेः संलिखति स्म भक्त्या,
महाकवि श्री वनमालिदासः॥ 18 ॥

श्रीहरिनाम-प्रचारक विष्णुपाद परमहंस 108 श्री श्रीमद्भक्तिसिद्धान्त सरस्वती गोस्वामी प्रभुपाद-नामक महानुभाव का यह स्मरणस्तोत्र श्रीगोपालचम्पू-टीकाकार महाकवि श्रीवनमालीदास शास्त्री ने अपनी आन्तरिक भक्तिपूर्वक लिखा है। (18)

(श्री वनमालीदास द्वारा विरचित)