(जयपुर में गीजगढ़ के जागीरदार कुशल सिंह जी के प्रति हरिकथा)
श्रीमान् कुशल सिंह जी के साथ वार्तालाप में श्रील प्रभुपाद ने कहा था कि श्रीमन्महाप्रभु एवं श्रीगोस्वामीगण के सिद्धान्तानुसार श्रीनाम-संकीर्तन ही मुख्य भजन है। श्रीनाम-संकीर्तन ही समस्त भक्ति-अंगों में श्रेष्ठतम है; स्मरणादि भी कीर्तन या श्रीनाम-संकीर्तन के ही अधीन हैं। श्रीनाम की कृपा के बिना कभी भी लीला-स्फूर्ति नहीं होती। परिपूर्ण अखण्ड रसस्वरूप श्रीनाम-कलिका के थोड़ा विकसित होते ही अप्राकृत श्रीगोलोकवृन्दावनस्थ सच्चिदानन्द श्रीश्यामसुन्दरादि का मनोहर रूप प्रकाशित होता है। पुष्प-सौरभ की भाँति उस प्रस्फुटित कली में श्रीकृष्ण के चौंसठ गुणों का सौरभ अनुभूत होता है। श्रीनाम-पुष्प के पूर्ण विकसित होने पर ‘छिल्लिलामिथुन’ (श्रीराधा-कृष्ण) की चिन्मयी अष्टकालीन नित्य-लीला प्रकृति से अतीत होने पर भी श्रीनाम-कीर्तनकारी के शुद्ध-सत्त्व से उज्ज्वलित हृदय में उदित होती है।
कीर्तन छोड़कर पृथक् रूप से स्मरणादि की चेष्टा केवल जड़-प्रतिष्ठा का संचय मात्र है। सन्दभों, भागवतामृतादि समस्त संस्कृत गोस्वामी-ग्रन्थों के परम निचोड़ (सार) स्वरूप श्रील कविराज गोस्वामी द्वारा रचित ‘श्रीचैतन्य-चरितामृत’ नामक ग्रन्थ, जो गौड़ीय (बंगाली) भाषा में लिखा गया है, उसमें प्रवेशाधिकार न होने के कारण बहुत-से लोग गोस्वामीगण द्वारा रचित संस्कृत ग्रन्थादि पढ़कर भी विद्वज्जनों के अनुगत न रहने के कारण वास्तविक गोस्वामी-सिद्धान्त को समझ नहीं पाते।
श्रील प्रभुपाद की यह बात सुनकर श्रीमान् रामकृष्णदास जी ने आधुनिक कुछ नये भजन-प्रचलनकारी व्यक्तियों का नामोल्लेख करते हुए कहा कि वे लोग भी तो ‘नाम-संकीर्तन’ करते हैं।
इसके उत्तर में प्रभुपाद जी ने कहा— मनगढ़ंत अथवा रचित पद-छंदों का कीर्तन “श्रीनाम-संकीर्तन” नहीं है; वह नामापराध-कीर्तन है, वह ‘कृष्णेन्द्रिय-तर्पण’ या ‘भजन’ नहीं है। वह ‘आत्म-इन्द्रियतर्पण’ अथवा भजन के नाम पर मात्र भोग या अपराध है। श्रीचैतन्य के मुख से निःसृत श्रीनाम का संकीर्तन ही भजन है; वही तत्काल प्रेम-सम्पत्ति उत्पन्न करने में समर्थ है और भजन में श्रेष्ठतम है—यही समस्त साधुजनों द्वारा निश्चित किया गया है। वही स्वयंप्रकाश रूपी नामामृत सेवोन्मुख एक इन्द्रिय (जिह्वा) में प्रादुर्भूत होकर अपने मधुर रस से समस्त इन्द्रिय-समूह को आप्लावित कर देता है। कविराज गोस्वामी प्रभु ने भी इसी सिद्धान्त का निरूपण किया है—
“भजनेर मध्ये श्रेष्ठ नवविधा भक्ति।
कृष्णप्रेम, कृष्ण दिते धरे महाशक्ति॥”
“तार मध्ये सर्वश्रेष्ट नाम-संकीर्तन।
निरपराधे नाम लैले पाय प्रेमधन॥”
श्रील जीव गोस्वामीपाद ने कहा है—
कलौ स्वभावत एवातिदीनेषु लोकेष्वाविर्भूय तदनायासेनेव तत्तद्युगगतमहासाधनानां सर्वमेव फलं ददाना सा कृतार्थयति। यत एव कलौ भगवतो विशेषतश्च सन्तोषो भवति। अत्र कलिप्रसङ्गेन कीर्तनस्य गुणोत्कर्ष इति वक्तव्यम्। भक्तिमात्रे कालदेशादिनियमस्य निषिद्धत्वात्। तस्मात् सर्वत्रेव युगे श्रीमत्-कीर्तनस्य समानमेव सामर्थ्यम्। कलौ तु श्रीभगवता कृपया तद्ग्राह्यम् इत्यपेक्ष्यैव तत्प्रशंसेति स्थितम्। अतएव यदन्या भक्तिः कलौ कर्तव्या तदा तत्संयोगेनेवेत्युक्तम्। यज्ञैः संकीर्तनप्रायैर्यजन्ति हि सुमेधस इति। तत्र च स्वतन्त्रमेव नामकीर्तनमत्यन्तप्रशस्तम्। हरेर्नाम हरेर्नाम हरेर्नामैव केवलम्। कलौ नास्त्येव नास्त्येव नास्त्येव गतिरन्यथात्यादौ॥ (१)
श्रील प्रभुपाद ने श्रीमान् कुशल सिंह जी से आगे कहा—
“श्रीसनातन प्रभु ‘बृहद्भागवतामृत’ में कहते हैं—
जयति जयति नामानन्दरूपं मुरारे-
र्विरमितनिजधर्मध्यानपूजादियत्नम्।
कथमपि सकृदात्तं मुक्तिदं प्राणिनां यत्
परमममृतमेकं जीवनं भूषणं मे॥ (२)
(बृ० भागवतामृत १।१।९)
श्रील सनातन प्रभु और भी कहते हैं—
येन जन्मशतैः पूर्वं वासुदेवः समर्चितः।
तन्मुखे हरिनामानि सदा तिष्ठन्ति भारत॥ (३)
(ह० भ० वि० ११।२३७ संख्याधृत शास्त्रवाक्य)
प्रभुपाद ने आगे कहा—
चक्रवर्ती ठाकुर ‘शृण्वतः श्रद्धया नित्यं गृणतश्च स्वचेष्टितम्। नातिदीर्घेण कालेन भगवान् विशते हृदि॥’ (भा० २।८।४) श्लोक की टीका में कहते हैं— “सोऽपि स्मरणप्रयत्नः श्रवणकीर्तनवतो भक्तस्य नावश्यक इति। श्रवण-कीर्तनाधीनमेव स्मरणमिति।” (४)
प्रथमतश्च नाम्नः श्रवणमन्तःकरणशुद्ध्यर्थमपेक्ष्यम्। शुद्धे चान्तःकरणे रूपश्रवणेन तदुदययोग्यता भवति। सम्यगुदिते च रूपे गुणानां स्फुरणं सम्पद्यते। सम्पन्ने च गुणानां स्फुरणे परिकरवैशिष्ट्यं सम्पद्यते। ततस्तेषु नाम-रूप-गुण-परिकरेषु सम्यक्स्फुरितेषु लीलानां स्फुरणं सुष्ठु भवतीत्यभिप्रेत्य साधनक्रमो लिखितः। एवं कीर्तनस्मरणयोश्च ज्ञेयम्॥ (५)
अथ कीर्तनादिभिः शुद्धान्तःकरणश्चेत्तन्निर्विविद्यमानानाम् इत्याद्युक्त्या नामकीर्तनमपरित्यज्यैव स्मरणं कुर्यात्॥ (६)
कृष्णस्य नानाविधकीर्तनेषु तन्नामसंकीर्तनमेव मुख्यम्।
तत्प्रेम सम्पज्जनने स्वयं द्राक् शक्तं ततः श्रेष्ठतमं मतं तत्॥ (७)
श्रीकृष्णनामामृतमाह्लादात् प्रेम्ना समास्वादनभङ्गिपूर्वकम्।
यत् सेव्यते जिह्विकया विरामं तस्यास्तुलं जग्मतुश्च को महत्त्वम्॥ (८)
एकस्मिन्निन्द्रिये प्रादुर्भूतं नामामृतं रसैः।
आप्लावयति सर्वाणीन्द्रियाणि मधुरैर्निजैः॥ (९)
मुख्यो वागिन्द्रिये तस्योदयः स्वपरहर्षदः।
तत् प्रबोधानतोऽपि स्यान्नाम-संकीर्तनं वरम्॥ (१०)
नामसंकीर्तनं प्रोक्तं कृष्णस्य प्रेमसम्पदि।
बलिष्ठं साधनं श्रेष्ठं परमाकर्षमन्त्रवत्॥ (११)
तदेव मन्यते भक्तेः फलं तद्रसिकैर्जनैः।
भगवत्प्रेमसम्पत्तौ सदैवाव्यभिचारतः॥ (१२)
सल्लक्षणं प्रेमभरस्य कृष्णे कैश्चिदरसैर्ज्ञैरुत कथ्यते तत्।
प्रेम्णो भरेणैव निजेष्टनामसंकीर्तनं हि स्फुरति स्फुटार्त्या॥ (१३)
नाम्नांस्तु संकीर्तनमार्तिवादान्नेयं विना प्रावृषि चातकानाम्।
रात्रौ वियोगात् कुररीरथाङ्गिवर्गस्य चाक्रोश नवत् प्रतीहि॥ (१४)
ध्यानं परोक्षे युज्येत न तु साक्षान्महाप्रभोः।
अपरोक्षे परोक्षेऽपि युक्तं संकीर्तनं सदा॥ (१५)
श्रीमन्नाम प्रभोस्तस्य श्रीमूर्तेरप्यतिप्रियम्।
जगद्धितं सुखोपास्यं सरसं तत्समं न हि॥ (१६)
(श्रीबृहद्भागवतामृते २य खण्डे ३य अध्याये)
(१) अनुवाद— कलियुग में स्वभावतः अत्यंत दीन-हीन जीवों के मध्य कीर्तनाख्या भक्ति स्वयं आविर्भूत होकर अनायास ही उन्हें पूर्व-पूर्व युगों के बड़े-बड़े साधनों का संपूर्ण फल प्रदान करके कृतार्थ करती है; क्योंकि कलियुग में इस संकीर्तन के द्वारा ही भगवान् को विशेष संतोष प्राप्त होता है। यहाँ कलियुग के माहात्म्य-वर्णन के प्रसंग में कीर्तन के ही गुणोत्कर्ष (सर्वश्रेष्ठ गुण) का वर्णन अभीष्ट है, क्योंकि केवल इसी कीर्तनाख्या भक्ति के विषय में देश-कालादि के समस्त नियम निषिद्ध (बंधनमुक्त) हैं। अतएव सभी युगों में श्रीयुक्त कीर्तनाख्या भक्ति का सामर्थ्य समान ही है, किन्तु कलियुग में स्वयं भगवान् ने कृपापूर्वक इसे ग्रहण (प्रचारार्थ स्वीकार) किया है, इसी कारण कीर्तन की इतनी अधिक प्रशंसा की गई है। इसलिए कलियुग में यदि अन्य (नौ प्रकार या चौंसठ प्रकार अथवा सहस्र प्रकार की) भक्तियों का अनुशीलन करना हो, तो उस कीर्तन के सहयोग से ही उन समस्त भक्तियों का साधन किया जाएगा, यही कहा गया है। यथा— “सुमेधसः” अर्थात् बुद्धिमान् व्यक्ति कलियुग में संकीर्तन-प्रधान यज्ञ (क्रिया) द्वारा ही भगवान् की आराधना करते हैं।
उनमें भी (अनधिकारी अवस्था में रूप, गुण, परिकर एवं लीला के कीर्तनादि के निमित्त अवैध अक्षरादि जोड़कर गाने की अपेक्षा) केवल स्वतंत्र शुद्ध नाम-कीर्तन ही अतिशय श्रेष्ठ एवं प्रशस्त है। “केवल हरिनाम्, हरिनाम् और हरिनाम् ही कर्तव्य है; इसके अतिरिक्त कलियुग में कोई अन्य गति नहीं है, नहीं है, नहीं है” इत्यादि श्लोक से भी यही प्रमाणित हुआ है कि ये श्लोकोक्त दृढ़ प्रमाण केवल शुद्ध नाम-संकीर्तन की ही परम आवश्यकता को प्रदर्शित करते हैं।
(२) जिसके प्रभाव से वर्णाश्रमादि स्वधर्म, ध्यान एवं अर्चन आदि के प्रयास शांत हो जाते हैं, ऐसे आनंदस्वरूप मुरारी का नाम पुनः-पुनः जययुक्त हो। यह नाम किसी भी प्रकार से यदि एक बार भी उच्चारित हो जाए (नामाभास मात्र से ही), तो प्राणियों को मुक्ति प्रदान करता है। यह परम अमृतरूप है और यही मेरा एकमात्र जीवन तथा आभूषण है।
(३) हे भरतवंशश्रेष्ठ! जिन्होंने पूर्व के सैकड़ों जन्मों में भली-भाँति वासुदेव की सम्यक् अर्चना की है, उन्हीं के मुख में श्रीहरि के नाम सदा विराजमान रहते हैं।
(४) श्रवण-कीर्तनकारी भक्त को स्मरण के लिए पृथक् यत्न करने की आवश्यकता नहीं है; क्योंकि स्मरण सदा श्रवण-कीर्तन के ही अधीन रहता है।
(५) अन्तःकरण की शुद्धि के लिए सर्वप्रथम नाम-श्रवण ही अपेक्षित (आवश्यक) है। अन्तःकरण के शुद्ध हो जाने पर श्रीरूप सम्बन्धी कथा-श्रवण द्वारा हृदय में श्रीरूप के उदय होने की योग्यता प्राप्त होती है। भली-भाँति श्रीरूप का उदय होने पर समस्त दिव्य गुणों की स्फूर्ति सम्यक् रूप से सम्पन्न होती है। श्रीगुणों की स्फूर्ति होने पर परिकर-वर्ग की विशिष्टता के कारण सेवक का सिद्ध परिचय एवं वैशिष्ट्य उदित होता है। तत्पश्चात् नाम, रूप, गुण और परिकर—इन सबका पूर्ण रूप से प्राकट्य होने पर लीलाओं की स्फूर्ति भी उत्तम रूप से सम्पन्न होती है; इसी अभिप्राय से यह साधन-क्रम निरूपित किया गया है। कीर्तन और स्मरण के विषय में भी ऐसा ही क्रम समझना चाहिए।
(६) तदनन्तर कीर्तनादि द्वारा अन्तःकरण के शुद्ध हो जाने पर “हे नृप, जो विरक्त, भयरहित एवं आत्मवान् मुनिगण हैं, वे भी हरिनामादि का निरन्तर कीर्तन करते हैं” इत्यादि वचनानुसार नाम-कीर्तन का परित्याग किए बिना ही स्मरण करना चाहिए।
(७) वेद-पुराणादि का पाठ, कथा, गीत, स्तुति इत्यादि भेदों से श्रीकृष्ण-कीर्तन के अनेक प्रकार हैं; उन सबमें श्रीकृष्ण का नाम-कीर्तन ही मुख्य है। क्योंकि केवल नाम-संकीर्तन ही अविलम्ब श्रीकृष्ण-प्रेम रूपी सम्पत्ति को आविर्भूत कराने में स्वतः (अन्य साधनों से निरपेक्ष होकर) समर्थ है। इसी कारण यह ध्यानादि से भी श्रेष्ठ है। नाम-संकीर्तन ही समस्त भक्ति-अंगों में श्रेष्ठतम है—सज्जनों ने यही निश्चित किया है।
(८) जिह्वा द्वारा प्रेमपूर्वक, भक्तिभाव से अपने प्रिय श्रीकृष्ण के नामामृत का, जिसका सम्यक् रूप से अविराम आस्वादन किया जाता है, उस नामामृत के आस्वादन की कोई तुलना नहीं है; उसके माहात्म्य का वर्णन भला कौन कर सकता है?
(९) श्रीनामामृत एक इन्द्रिय (जिह्वा) में आविर्भूत होकर अपने मधुर रस से समस्त इन्द्रियों को ही आप्लावित कर देता है।
(१०) अपने और दूसरों के (अर्थात् कीर्तन करने वाले और श्रोता दोनों के) हर्ष को बढ़ाने वाला नाम-संकीर्तन साक्षात् रूप से वागिन्द्रिय में ही उदित होता है। अतएव भगवान् के आन्तरिक ध्यान की अपेक्षा भी नाम-संकीर्तन ही श्रेष्ठ है।
(११-१३) श्रीकृष्ण का नाम-संकीर्तन ही परम आकर्षक मन्त्र के समान प्रेम-सम्पत्ति का बलिष्ठ एवं श्रेष्ठ साधन कहा गया है। अहो! श्रीनाम-संकीर्तन को केवल श्रेष्ठ ‘साधन’ ही क्यों कहें? रसिकजन श्रीनाम-संकीर्तन को ही भक्ति का ‘फल’ भी मानते हैं। क्योंकि भगवत्-प्रेम सम्पत्ति को प्रकट कराने में नाम-संकीर्तन सदैव अमोघ (अव्यभिचारी) है; इसलिए रसिकों ने नाम-संकीर्तन को ही ‘साध्य’ निर्धारित किया है। कुछ रसज्ञ पुरुषों का यह भी विचार है कि नाम-संकीर्तन ही श्रीकृष्ण के प्रति प्रेम-बाहुल्य का सर्वोत्तम लक्षण है; क्योंकि अपने इष्ट का नाम-संकीर्तन हृदय की तीव्र आर्तता और प्रेम के आवेग से ही प्रस्फुटित होता है। अतएव नाम-संकीर्तन और प्रेम में परस्पर कार्य-कारण सम्बन्ध होने से दोनों में अभेद ही सिद्ध होता है।
(१४) वर्षाकाल में मेघ के बिना चातक-पक्षियों की आर्त पुकार ‘पिय-पिय’ के समान तथा रात्रि के समय पति-वियोग से विह्वल कुररी और चकवी पक्षियों के क्रन्दन की भाँति भक्तजन विरह-जन्य प्रेम के साथ नाम-संकीर्तन करते हैं; अर्थात् परम आर्तभाव से विविध मधुर गीतों के प्रबन्ध द्वारा भगवान् का नाम-संकीर्तन ही कर्तव्य है।
(१५) भगवान् का ध्यान केवल परोक्ष में (नेत्र मुँदे होने पर) ही सम्भव होता है, प्रत्यक्ष में ध्यान नहीं हो सकता; किन्तु संकीर्तन प्रत्यक्ष और परोक्ष—दोनों ही अवस्थाओं में सर्वदा युक्तियुक्त एवं संभव है।
(१६) श्रीभगवान् को समस्त शोभा-सम्पत्तियों से सम्पन्न ‘श्रीनाम’ अपने विग्रह (श्रीविग्रह) से भी अधिक प्रिय है। क्योंकि श्रीनाम सर्वकाल में, सर्वस्थान में और सभी पात्रों पर अपनी महिमा की प्रचुरता के साथ प्रकाशित रहता है। श्रीनाम अधिकारी अथवा अनधिकारी का विचार नहीं करता, इसीलिए उसे ‘भुवनमंगल’ कहा गया है। यह सुखपूर्वक आराध्य है—अर्थात् केवल जिह्वा के अग्रभाग मात्र से ही श्रीनाम की सेवा की जा सकती है।
यह श्रीभगवन्नाम ‘सरस’ है—अर्थात् मधुराक्षरमय अथवा सच्चिदानन्द रसमय है। यह अशेष रसों से युक्त है; शृंगारादि नवरसों के मध्य भक्ति और प्रेमरस तथा विरह और मिलन में स्फूर्ति प्राप्त होने के कारण श्रीनाम ‘सरस’ कहलाता है। अथवा रस अर्थात् आत्मा के स्वाभाविक राग से युक्त होने के कारण इसे ‘सरस’ कहा गया है। क्योंकि श्रीनाम अमोघ रूप से तत्काल भगवत्प्रेम प्रदान करता है और अपने समस्त सेवकों में अनुराग उत्पन्न करता है। अथवा ‘रस’ अर्थात् विशेष सामर्थ्य (वीर्य) या परम शक्तिमत्ता से युक्त होने के कारण श्रीनाम ‘सरस’ है। अथवा यह समस्त दीन-जनों का उद्धार करने वाला एवं परम मधुर होने के कारण ‘सरस’ है; अतएव श्रीनाम के समान अन्य कुछ भी नहीं है।
(गौड़ीय साप्ताहिक, ६ठा वर्ष, १४वां अंक, पृष्ठ २२५–२२८)