श्रीश्रीगुरुगौरांगों जयतः
[ आसक्ति व हृदय-दौर्बल्य की युक्ति हरि-गुरु-वैष्णवों के साक्षात् संग से सुदूर रहने का कौशल खोजती है और माया के भजन को ही ‘हरिभजन’ कहकर स्थापित करना चाहती है — घर में मठारोप व मठ में गृहारोप अथवा विवर्त-बुद्धि दोनों ही मनोधर्म व भ्रमयुक्त हैं — दीक्षित की स्वपुत्र-स्वदेश-स्वगृह-स्वजनादि-बुद्धि स्वरूपविस्मृति की परिचायक है — गृह-भार्यादि के प्रति किसी भी प्रकार की आसक्ति हरिभजन के प्रतिकूल है — असत्सङ्ग में विवर्तबुद्धि का उदय — हृदय-दौर्बल्य हरिकथा से दूर रहने का अवसर ढूँढ़ने पर भी उसकी एकमात्र महौषध हरिकथा-श्रवण है। ]
ई० ६ई जून, १९२४
स्नेहविग्रहेषु—
आपका विस्तृत पत्र पाठ किया। श्रीमान् भारती महाराज * * से आज ५।६ दिन हुए श्रीविग्रह लाए हैं। श्रीविग्रह के साथ श्री * * व श्री * * दोनों ही आमलाजोड़ा से साथ आए थे। वे श्रीगौड़ीय मठ में श्रीविग्रह को पधराकर दोनों ही अपने-अपने घर लौट गए हैं। भारती महाराज * * सभी को हरिकथा समझाकर आए हैं।
आपके पुत्र श्रीमान् * * ननिहाल (मातुल-गृह) तथा उनकी माता पिता के घर (मायके), अर्थात् वे लोग * * की यात्रा पर गए हैं, यह सुना; आपके साले के विवाह के उपलक्ष्य में। उन्हें यह समझा दिया गया है कि आप श्रीपुरुषोत्तम मठ का उत्सव समाप्त होने पर पुनः विधिवत् संसार में लौटकर * * मठ स्थापित करके * * दास को ब्रह्मचारी बनाएँगे। इससे आपकी माताजी व * * दास की माताजी, दोनों ही परम सन्तोष लाभ किए हैं। ∷ ∷ को भी मैंने विशेष रूप से समझा दिया है कि अभी तक आपका चित्त-चांचल्य कम नहीं हुआ है, अतएव अकालपक्व फल के समान मायामुक्त होकर भजन का समय उपस्थित नहीं हुआ है। इसलिए घर में रहकर भी उसमें आसक्त न होते हुए वास करना ही आपके पक्ष में मंगलजनक है। आपका यह पत्र पाकर भी वही समझा।
श्रीवास-अंगण में आपकी माताजी, आपके पुत्र, ∷ ∷ की माताजी एवं आप पुत्रमोह में आसक्त होकर सभी एकत्र वास करेंगे, तो ∷ ∷ ∷ महाशय को कष्ट होगा और आपके भी भजन में बाधा पहुँचेगी। अवश्य ही श्रीवास-अंगण और ∷ ∷ का घर—हरिभजन कर पाने पर दोनों स्थान एक ही हैं। भजन न कर पाने पर दोनों ही स्थानों में माया-मोह आकर हरिभजन में विघ्न उपस्थित करेगा। इसलिए ∷ ∷ के घर रहकर ∷ ∷ गौरदासादि के स्नेह में आपाततः समय बिताना ही आपके पक्ष में श्रेयस्कर है। गृहव्रत-बुद्धि में पुत्र-स्वजनादि का स्नेह हरिभजन में बाधा पहुँचाएगा, यह समझ क्यों नहीं पाते? गृहव्रत-बुद्धि और हरिसेवामय मठ—दोनों पृथक् वस्तुएँ हैं। जब ‘गृहसेवा को ही’ हरिसेवा माना जाने लगे, तब घर को मठ में परिणत करने जाकर अंततः मठ ही सदा के लिए घर के रूप में परिणत होने लगता है। अनात्मवस्तु पुत्र में आसक्ति द्वारा ‘हरि-सेवा’ कभी भी सम्भव नहीं है। उसी में जब आप आबद्ध हो पड़े, तब पुत्र-स्नेह ही इस समय भजनीय वस्तु बन गया। ‘कौन किसका पुत्र?’—यह विवेक नष्ट क्यों हुआ, यह समझ नहीं आता। असंख्य गौरदास पृथ्वी पर सर्वत्र विराजमान हैं; फिर किसी निर्दिष्ट गौरदास का पितृत्व-अभिमान आपको क्यों ग्रस रहा है, यह समझ नहीं आता। जन्मान्तर की मुक्तदशा में भी जब पुत्र, स्वदेश, स्वगृह, जननी इत्यादि हरि-विमुख संग को ही हरिसेवा के अनुकूल समझा जाने लगे, तब शुद्ध-हरि भजन-स्वरूप की विस्मृति हुई है, ऐसा जानना चाहिए। इस प्रकार के चित्त-चांचल्य का परित्याग करके कुछ समय सत्सङ्ग में हरिसेवा में रहकर बाद में अन्य चिन्ता व माया के वशीभूत होने पर भी चल सकता है। पुत्र-स्नेह-पाश, पत्नी-सहवास का सुख प्रभृति नाना प्रकार की खतरनाक वस्तुएँ सर्वदा हमें हरिभजन से नित्य काल के लिए पतित करती हैं। आप ‘भक्ति * *’ होकर उन सबको क्यों प्रश्रय दे रहे हैं! श्रीपुरुषोत्तम मठ का उत्सव समाप्त होने पर पुत्र-स्नेह के बन्धन में आबद्ध न होकर कर्तव्यकर्म मानकर * * * जाकर कुछ दिन मठादि के कार्य का संचालन करेंगे। बाद में साधुसंग करना आवश्यक है। असत्सङ्ग के प्रभाव से गृह-कथा को ‘हरिभजन’ समझने की भ्रान्ति उत्पन्न होती है, ऐसा जंजाल आकर उपस्थित हुआ है। इस समय हरिजन-संग और शास्त्र-श्रवण करें।
आपका पत्र पाकर मैं अत्यन्त दुःखित हुआ हूँ, यह जानिएगा। दीर्घकाल तक आपका हरिकथा सुनना आवश्यक हो गया है। पत्नी-पुत्र-गृह-धनादि में कृष्ण-सम्बन्ध स्थापित करने के स्थान पर भोग्यबुद्धि में व्यस्त क्यों हो गए? कृष्ण आपको इससे उत्तम बुद्धि प्रदान करें, यही प्रार्थना करता हूँ।
नित्याशीर्वादक
श्रीसिद्धान्तसरस्वती